रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
महराजगंज/रायबरेली। क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय ओथी में कार्यरत प्रधानाध्यापक विनोद कुमार अज्ञात मोटरसाइकिल की टक्कर से गंभीर रूप से घायल हो गए। पीड़ित शिक्षक की तहरीर पर पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।जानकारी के अनुसार ग्राम सारीपुर निवासी विनोद कुमार 15 अगस्त को प्राथमिक विद्यालय ओथी से महराजगंज की ओर आ रहे थे। इसी दौरान शिशु मंदिर विद्यालय के पास पीछे से तेज रफ्तार और लापरवाही से आ रही एक मोटरसाइकिल ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद स्थानीय लोगों की सहायता से उन्हें अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए लखनऊ रेफर कर दिया। उपचार के दौरान उनके दाहिने हाथ और कंधे का ऑपरेशन किया गया। वर्तमान में उनका इलाज तेजस लाइफ लाइन हॉस्पिटल, कठोरिया (अमेठी) में चल रहा है।
पीड़ित शिक्षक ने बताया कि लंबे समय तक अस्पताल में भर्ती रहने और उपचार में व्यस्त होने के कारण वह समय पर तहरीर नहीं दे सके। स्वास्थ्य में कुछ सुधार होने के बाद उन्होंने पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर अज्ञात मोटरसाइकिल चालक के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच कर आरोपी चालक की पहचान कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
