रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
महराजगंज (रायबरेली)। क्षेत्र के थुलवासा बाजार से बुधवार देर शाम पैदल घर लौट रहे एक बुजुर्ग को तेज रफ्तार और अनियंत्रित ई-रिक्शा ने पीछे से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए।जानकारी के अनुसार, तुराब नगर थुलवासा गांव निवासी गौरी शंकर (60) बुधवार शाम थुलवासा बाजार से अपने घर पैदल लौट रहे थे। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक अनियंत्रित ई-रिक्शा ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी तेज थी कि वह सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद ई-रिक्शा चालक भी घबरा गया, जबकि आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत घायल बुजुर्ग की मदद की।स्थानीय लोगों की सूचना पर परिजन भी मौके पर पहुंच गए। ग्रामीणों की सहायता से घायल गौरी शंकर को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र महराजगंज पहुंचाया गया,
जहां चिकित्सकों ने उनका प्राथमिक उपचार किया। हालत गंभीर होने और सिर व शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आने के कारण डॉक्टरों ने उन्हें बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।घटना की सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और मामले की जानकारी जुटाई। चौकी इंचार्ज राहुल मिश्रा ने बताया कि दुर्घटना में शामिल ई-रिक्शा को कब्जे में लेकर चौकी लाया गया है। पीड़ित पक्ष की ओर से तहरीर मिलने पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद क्षेत्र में सड़क सुरक्षा और अनियंत्रित वाहनों की आवाजाही को लेकर लोगों में चिंता व्याप्त है।
