गैर इरादतन हत्या के वांछित आरोपी को हरचंदपुर पुलिस ने किया गिरफ्तार।

रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

रायबरेली। हरचंदपुर थाना पुलिस ने गैर इरादतन हत्या के एक वांछित आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक अदद ईंट भी बरामद की है।

पुलिस के अनुसार 2 सितंबर 2026 को थाना क्षेत्र के ग्राम चौरा में खाना देने एवं दबाव डालने को लेकर हुए विवाद के दौरान एक व्यक्ति पर ईंट से हमला कर दिया गया था। गंभीर रूप से घायल व्यक्ति को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे एम्स रायबरेली रेफर किया गया। उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गई।

मृतक की पत्नी की तहरीर पर थाना हरचंदपुर में मुकदमा संख्या 192/2026 धारा 105 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था।पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे अपराधियों की गिरफ्तारी अभियान के तहत हरचंदपुर पुलिस ने गुरुवार को मुखबिर की सूचना पर वांछित आरोपी अनूप उर्फ राजा पुत्र शिवशंकर चौधरी निवासी ग्राम चौरा, पोस्ट कासो, थाना हरचंदपुर को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त ईंट भी बरामद की।

गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है। गिरफ्तारी करने वाली टीम में थाना प्रभारी प्रवीण कुमार सिंह सहित उपनिरीक्षक एवं पुलिसकर्मी शामिल रहे।

Related posts