झांकियों, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और भंडारे ने श्रद्धालुओं का जीता दिल, देर रात तक गूंजते रहे जयकारे।
रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
महराजगंज/रायबरेली। श्रीकृष्ण जन्माष्टमी के अवसर पर महराजगंज कोतवाली परिसर में आयोजित भव्य जन्मोत्सव श्रद्धा, भक्ति और उल्लास का केंद्र बना रहा। आकर्षक सजावट, मनमोहक झांकियों तथा रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के बीच भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव का आयोजन पूरे उत्साह और धार्मिक वातावरण में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं, जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों ने भाग लेकर आयोजन की शोभा बढ़ाई।
कोतवाली परिसर को रंग-बिरंगी रोशनी और धार्मिक सजावट से आकर्षक रूप दिया गया था। भगवान श्रीकृष्ण की झांकियों और भजन-कीर्तन ने श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। देर रात तक श्रद्धालु भक्ति रस में डूबे रहे और पूरे परिसर में ‘जय श्रीकृष्ण’ एवं ‘नंद के घर आनंद भयो’ के जयघोष गूंजते रहे।आयोजन के उपरांत श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद एवं भंडारे की व्यवस्था की गई, जिसमें सैकड़ों लोगों ने प्रसाद ग्रहण किया। कार्यक्रम में मौजूद लोगों ने आयोजन की भूरि-भूरि प्रशंसा करते हुए इसे सामाजिक सौहार्द और सांस्कृतिक एकता का प्रतीक बताया।
क्षेत्राधिकारी प्रदीप कुमार ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन सत्य, कर्तव्य और धर्म की प्रेरणा देता है। ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में प्रेम, भाईचारे और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं। वहीं कोतवाली प्रभारी जगदीश यादव ने कहा कि जन्माष्टमी महोत्सव पुलिस परिवार और क्षेत्रवासियों के बीच बेहतर संवाद एवं आपसी सौहार्द का प्रतीक है।
कार्यक्रम में पूर्व विधायक रामलाल अकेला, नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि प्रभात साहू, पुलिसकर्मियों, जनप्रतिनिधियों एवं क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रही। श्रद्धा और उत्साह से सराबोर यह आयोजन क्षेत्र में चर्चा का विषय बना रहा।
