कैबिनेट मंत्री डॉ. मनोज कुमार पांडे के नेतृत्व में तैयारियां तेज, कथावाचक पं. प्रदीप मिश्रा सुनाएंगे शिव महापुराण कथा।
रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
ऊँचाहार/रायबरेली। आगामी 11 से 17 सितंबर तक ऊँचाहार क्षेत्र में आयोजित होने वाली भव्य श्री शिव महापुराण कथा को लेकर तैयारियां युद्धस्तर पर चल रही हैं। इस धार्मिक आयोजन का संयोजन प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री डॉ. मनोज कुमार पांडे के नेतृत्व में किया जा रहा है। आयोजन को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल है और श्रद्धालुओं के बीच विशेष उत्सुकता देखी जा रही है।
आयोजन समिति के अनुसार कथा प्रारंभ होने से एक दिन पूर्व 10 सितंबर को सनातन परंपरा के अनुसार विशाल एवं भव्य कलश यात्रा निकाली जाएगी। कलश यात्रा में हजारों श्रद्धालुओं, महिलाओं एवं युवाओं के शामिल होने की संभावना है। यात्रा के माध्यम से क्षेत्र में धार्मिक और आध्यात्मिक वातावरण का संचार होगा।11 सितंबर से 17 सितंबर तक विश्वविख्यात कथावाचक पंडित प्रदीप मिश्रा के मुखारविंद से श्री शिव महापुराण कथा का रसपान कराया जाएगा।
कथा के दौरान भगवान शिव की महिमा, भक्ति, धर्म और मानव जीवन के कल्याण से जुड़े प्रसंगों का वर्णन किया जाएगा।कैबिनेट मंत्री डॉ. मनोज कुमार पांडे ने बताया कि आयोजन को भव्य और सुव्यवस्थित बनाने के लिए व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। उन्होंने कहा कि रायबरेली सहित प्रदेश और देश के विभिन्न हिस्सों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की उम्मीद है।
श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और व्यवस्थाओं के लिए विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं।आयोजकों ने सभी श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे इस पावन अवसर पर अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर शिव महापुराण कथा का श्रवण करें तथा पुण्य लाभ अर्जित करें।
