रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
रायबरेली। अमेठी जाते समय रायबरेली पहुंचे उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य का सारस चौराहे पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने जोरदार स्वागत किया। कार्यकर्ताओं ने फूल-मालाओं से उनका अभिनंदन करते हुए गर्मजोशी से स्वागत किया। इस दौरान पूरे क्षेत्र में भाजपा कार्यकर्ताओं का उत्साह देखने को मिला।स्वागत समारोह के दौरान उपमुख्यमंत्री ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों में जुटने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि सभी कार्यकर्ता एकजुट होकर संगठन को और मजबूत करें, ताकि पूर्ण बहुमत के साथ प्रदेश में एक बार फिर भाजपा सरकार का गठन हो सके और कमल फिर से खिल सके।
डिप्टी सीएम ने कहा कि भाजपा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों को जनता तक पहुंचाना प्रत्येक कार्यकर्ता की जिम्मेदारी है। उन्होंने संगठन की मजबूती पर जोर देते हुए कार्यकर्ताओं में नया उत्साह भरने का प्रयास किया।
पत्रकारों द्वारा सहारनपुर मस्जिद प्रकरण पर पूछे गए सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि मामले में कानून के अनुसार कार्रवाई की जाएगी और सरकार विधि व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है।
स्वागत कार्यक्रम के बाद उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य अमेठी के लिए रवाना हो गए। इस दौरान बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
