मिशन शक्ति अभियान के तहत विद्यार्थियों को महिला सुरक्षा, साइबर अपराध और यातायात नियमों की दी जानकारी

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

बाराबंकी। मिशन शक्ति फेज-5 के द्वितीय चरण के अंतर्गत महिला सशक्तिकरण, नारी सुरक्षा, साइबर जागरूकता एवं यातायात जागरूकता अभियान चलाया गया। पुलिस अधीक्षक बाराबंकी श्री अर्पित विजयवर्गीय के निर्देशन में बुधवार को थाना कोतवाली नगर क्षेत्र के अभ्युदय इंटर कॉलेज, ग्वारी रोड, बाराबंकी में मिशन शक्ति टीम द्वारा चौपाल लगाकर विद्यार्थियों को विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों के प्रति जागरूक किया गया।

अभियान के दौरान विद्यार्थियों को नारी सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन के संबंध में जानकारी देते हुए घरेलू हिंसा, बाल विवाह, पॉक्सो एक्ट, महिला संबंधी अपराधों तथा साइबर अपराध से बचाव के उपाय बताए गए। साथ ही मिशन शक्ति केंद्र की सेवाओं और महिला सुरक्षा से संबंधित प्रावधानों के बारे में भी जानकारी दी गई।

पुलिस टीम ने विद्यार्थियों को साइबर अपराध के प्रति विशेष रूप से जागरूक करते हुए किसी अनजान व्यक्ति के साथ ओटीपी, बैंक खाते की जानकारी, पासवर्ड अथवा अन्य निजी जानकारी साझा न करने की सलाह दी। इसके अलावा यातायात नियमों का पालन करने, दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट लगाने तथा सड़क सुरक्षा के प्रति जिम्मेदार रहने के लिए भी प्रेरित किया गया।

इस दौरान पुलिस टीम ने विद्यार्थियों को आपात स्थिति में तत्काल सहायता प्राप्त करने के लिए विभिन्न महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबरों की जानकारी दी।

महत्वपूर्ण हेल्पलाइन नंबर—

1076 — मुख्यमंत्री हेल्पलाइन नंबर

1090 — वूमेन पावर हेल्पलाइन

1098 — चाइल्ड हेल्पलाइन

1930 — साइबर क्राइम हेल्पलाइन

112 — पुलिस आपातकालीन सेवा

108 — एंबुलेंस सेवा

102 — स्वास्थ्य सेवा

पुलिस टीम ने विद्यार्थियों से कहा कि किसी भी प्रकार की परेशानी, अपराध या उत्पीड़न की स्थिति में चुप न रहें, बल्कि तत्काल संबंधित हेल्पलाइन अथवा पुलिस को सूचना दें। अभियान का उद्देश्य छात्र-छात्राओं में सुरक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने के साथ-साथ उन्हें अपने अधिकारों एवं उपलब्ध सहायता सेवाओं की जानकारी देना रहा।

थाना कोतवाली नगर, जनपद बाराबंकी

Related posts