हनुमान मंदिर में मूर्ति खंडित, ग्रामीणों में आक्रोश; दोषियों पर कार्रवाई की मांग।

शेरी गांव की घटना से धार्मिक भावनाएं आहत, कोतवाली में दी गई तहरीर।

धारा लक्ष्य समाचार रायबरेली

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

बछरावां /रायबरेली। क्षेत्र के शेरी गांव स्थित प्राचीन हनुमान मंदिर में असामाजिक तत्वों द्वारा भगवान हनुमान की मूर्ति खंडित किए जाने का मामला सामने आने से ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है। घटना को लेकर ग्रामीणों ने इसे धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने वाला कृत्य बताते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, रामपुर हसनगंज नीमटीक निवासी हरिओम चतुर्वेदी ने कोतवाली बछरावां में दिए गए शिकायती पत्र में आरोप लगाया है कि 15 सितंबर को कुछ अराजक तत्वों ने शेरी गांव के हनुमान मंदिर में स्थापित मूर्ति को क्षतिग्रस्त कर दिया। घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों की भीड़ मंदिर परिसर में जुट गई और लोगों ने गहरा रोष व्यक्त किया।

शिकायतकर्ता का कहना है कि इस प्रकार की हरकत से क्षेत्र की धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं तथा माहौल खराब करने का प्रयास किया गया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों की पहचान करने और उनके विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर कठोर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।

कोतवाली पुलिस ने प्रार्थना पत्र प्राप्त कर मामले को संज्ञान में लिया है। घटना को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल बना हुआ है, जबकि ग्रामीणों की नजर अब पुलिस जांच और प्रशासनिक कार्रवाई पर टिकी हुई है।

Related posts