चंद्रशेखर आजाद की सुरक्षा को लेकर ASP कार्यकर्ताओं का प्रदर्शन, कलेक्ट्रेट पहुंच सौंपा ज्ञापन

राष्ट्रीय अध्यक्ष पर हमले की घटना से नाराज कार्यकर्ताओं ने की कड़ी कार्रवाई व सुरक्षा बढ़ाने की मांग।

रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

रायबरेली। आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं नगीना लोकसभा सांसद चंद्रशेखर आजाद ‘रावण’ पर हुए कथित हमले और उनकी सुरक्षा को लेकर रायबरेली में पार्टी कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। कार्यकर्ताओं ने शहर स्थित डॉ. भीमराव अंबेडकर प्रतिमा स्थल से कलेक्ट्रेट परिसर तक मार्च निकालते हुए नारेबाजी की और राष्ट्रपति के नाम संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा।

इस दौरान कार्यकर्ताओं ने कहा कि नगीना सांसद चंद्रशेखर आजाद पर हाल ही में हुए हमले और उनकी ओर से व्यक्त की गई सुरक्षा संबंधी चिंताओं को गंभीरता से लिया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि एक जनप्रतिनिधि की सुरक्षा पर सवाल खड़े होना लोकतंत्र के लिए चिंता का विषय है।

प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। साथ ही सांसद चंद्रशेखर आजाद की सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाए ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो सके।

ज्ञापन सौंपने के दौरान पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में जनप्रतिनिधियों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। प्रदर्शन शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ और प्रशासन ने ज्ञापन संबंधित स्तर तक पहुंचाने का आश्वासन दिया।

Related posts