में धुत कार चालक का सड़क पर हंगामा, ट्रैक्टर से भिड़ंत के बाद लगा लंबा जाम।

रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

महराजगंज (रायबरेली)। महराजगंज-इंहौना मार्ग पर बुधवार दोपहर पूरे रानी गांव के पास एक कार और ट्रैक्टर की आमने-सामने टक्कर के बाद सड़क पर जमकर हंगामा हो गया। हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है, लेकिन घटना के बाद कार चालक के आक्रामक व्यवहार से मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, यश ट्रेडर्स के सामने करीब साढ़े बारह बजे कार और ट्रैक्टर की भिड़ंत हो गई। टक्कर के बाद कार चालक ने ट्रैक्टर चालक से विवाद शुरू कर दिया, जिससे सड़क पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। स्थानीय लोगों ने हस्तक्षेप कर दोनों पक्षों को शांत कराया।घटना के बाद क्षतिग्रस्त वाहन सड़क पर खड़े रहने से दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।

पुलिसकर्मियों द्वारा वाहन हटाने के लिए कहे जाने पर कार चालक ने कथित रूप से पुलिस से भी अभद्रता की और स्वयं को एक वरिष्ठ अधिकारी का चालक बताते हुए रौब झाड़ने लगा। इससे स्थिति और तनावपूर्ण हो गई।सूचना पर अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर पहुंचा और क्रेन की सहायता से दोनों वाहनों को हटवाकर यातायात सुचारु कराया।

पुलिस ने कार चालक पंकज बाजपेई, उसके साथी कुलदीप शुक्ला तथा ट्रैक्टर चालक नूर आलम को पूछताछ के लिए हिरासत में लेकर दोनों वाहनों को कब्जे में ले लिया।कोतवाल जगदीश यादव ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। दोनों पक्षों से तहरीर मिलने पर नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Related posts