मिर्गी का दौरा पड़ने से तालाब में गिरी महिला की डूबकर मौत, परिवार में मचा कोहराम

रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

डलमऊ, रायबरेली। थाना क्षेत्र के ग्राम पूरे शुक्ला मजरा कटघर में रविवार को एक दर्दनाक हादसे में 48 वर्षीय महिला की तालाब में डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई।

जानकारी के अनुसार सूरज रानी पत्नी स्वर्गीय जगदीश निवासी ग्राम पूरे शुक्ला मजरा कटघर को अचानक मिर्गी का दौरा पड़ गया। दौरे के दौरान वह घर के निकट स्थित तालाब के पास पहुंच गईं और असंतुलित होकर पानी में गिर गईं। आसपास मौजूद लोगों ने जब तक उन्हें बाहर निकाला, तब तक उनकी हालत गंभीर हो चुकी थी।

परिजन तत्काल 108 एंबुलेंस की सहायता से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डलमऊ लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। महिला की मौत की खबर मिलते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई। गांव के लोगों ने भी घटना पर गहरा दुख व्यक्त किया।

सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक जांच-पड़ताल शुरू कर दी। पुलिस द्वारा पंचायतनामा की कार्रवाई कराई जा रही है। अधिकारियों के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला मिर्गी का दौरा पड़ने के बाद तालाब में गिरने से डूबकर मौत का प्रतीत हो रहा है।

Related posts