गणेश उत्सव में जर्जर छज्जा गिरा, महिला की मौत
आर्यनगर की पंजाबी धर्मशाला में हादसा, करीब 10 घायल; चार गंभीर मरीज मेडिकल कॉलेज रेफर
धारा लक्ष्य समाचार
जिला संवाददाता शफीक अहमद
सीतापुर। शहर कोतवाली क्षेत्र के आर्यनगर स्थित पंजाबी धर्मशाला में बुधवार को गणेश उत्सव के दौरान जर्जर छज्जा भरभराकर गिरने से बड़ा हादसा हो गया। छज्जे के नीचे पूजा कर रहे लोगों में अफरा-तफरी मच गई। हादसे में करीब 10 लोग घायल हुए, जिनमें 65 वर्षीय उमा कपूर की उपचार के दौरान मौत हो गई। चार गंभीर घायलों को मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है।
तेज बारिश के बाद सुबह करीब 11 बजे छज्जा गिरा। घायलों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया। सीएमओ के अनुसार करीब 10 मरीज अस्पताल पहुंचे थे। एक मरीज को परिजन निजी अस्पताल ले गए, जबकि अन्य का उपचार जिला अस्पताल में किया गया। घायलों में कुछ को हड्डियों में चोट की जानकारी है, जबकि अन्य की स्थिति जांच के बाद स्पष्ट होने की बात कही गई।
हादसे की सूचना पर जिलाधिकारी डॉ. राजा गणपति आर और पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल जिला अस्पताल पहुंचे। अधिकारियों ने सीएमएस और चिकित्सकों से घायलों की स्थिति की जानकारी ली तथा बेहतर उपचार के निर्देश दिए। डीएम ने बताया कि अस्पताल में भर्ती मरीजों में एक महिला की मौत हुई है और एक मरीज की हालत गंभीर होने पर उसे लखनऊ रेफर करने के निर्देश दिए गए।
एसपी के अनुसार प्रथम दृष्टया हादसा धर्मशाला के पुराने छज्जे के गिरने से हुआ है। अस्पताल में सीओ विकास कुमार यादव, एसडीएम समेत पुलिस-प्रशासन के अधिकारी मौजूद रहे। हादसे के बाद मंत्री, जनप्रतिनिधि और सामाजिक संगठनों के लोग भी अस्पताल पहुंचे और घायलों व उनके परिजनों से जानकारी ली। प्रशासन ने उपचार और सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी जारी रखी।
