वायरल वीडियो के बाद पुलिस जांच में जुटी, हादसे में दो लोगों के घायल होने का दावा।
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
रायबरेली। भदोखर थाना क्षेत्र के मुंशीगंज ओवरब्रिज के नीचे सड़क हादसे का वीडियो रविवार को सोशल मीडिया पर वायरल होने से हड़कंप मच गया। वायरल वीडियो में अर्टिगा कार चालक पुलिस लिखी बोलेरो पर गलत दिशा से आकर टक्कर मारने का आरोप लगाता दिखाई दे रहा है। बोलेरो का नंबर यूपी 32 एफजी 3998 बताया जा रहा है।हादसे के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई।
सूचना पर भदोखर थाना प्रभारी राकेश चंद्र आनंद पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी लेते हुए जांच शुरू की।अर्टिगा चालक के मुताबिक पुलिस लिखी बोलेरो गलत दिशा से आई और उसकी कार में टक्कर मार दी। टक्कर से अर्टिगा का एक हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। चालक ने हादसे में दो लोगों के घायल होने का भी दावा किया है।
वायरल वीडियो में चालक लगातार बोलेरो से टक्कर मारे जाने की बात कहता नजर आ रहा है। हालांकि वीडियो कब का है और हादसा किस समय हुआ, इसकी अभी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद ही दुर्घटना की वास्तविक वजह स्पष्ट हो सकेगी।
