मोबाइल खोने के बाद नंबर हुआ एक्टिव, कुछ ही देर में आने लगे खाते से निकासी के मैसेज।
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
महराजगंज/ रायबरेली। मोबाइल फोन खोने के बाद उसी नंबर की सिम दोबारा चालू कराना एक व्यक्ति को भारी पड़ गया। सिम सक्रिय होने के बाद उसके यूको बैंक खाते से करीब 3.26 लाख रुपये अलग-अलग लेनदेन के जरिए निकाल लिए गए। खाते से रकम निकलने के मैसेज लगातार मोबाइल पर पहुंचने के बाद पीड़ित को मामले की जानकारी हुई तो उसके होश उड़ गए।
पीड़ित बिंदु कुमार जयसवाल के अनुसार उसका पुराना मोबाइल फोन खो गया था, जिसकी शिकायत भी उसने की थी। बाद में नया मोबाइल खरीदकर उसने उसी नंबर की सिम दोबारा चालू कराई। सिम सक्रिय होने के कुछ समय बाद मोबाइल पर बैंक खाते से लेनदेन के लगातार संदेश आने लगे।
मैसेज देखकर उसने बैंक खाते की जांच कराई तो करीब 3.26 लाख रुपये की रकम निकाले जाने की जानकारी सामने आई।अचानक खाते से इतनी बड़ी रकम निकलने से पीड़ित के होश उड़ गए। उसने बैंक और कोतवाली पुलिस को शिकायत देकर पूरे मामले की जांच कराने, निकाली गई धनराशि वापस दिलाने और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
कोतवाली प्रभारी जगदीश यादव ने बताया कि शिकायत प्राप्त हुई है। खाते में हुए लेनदेन और मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
