धारा लक्ष्य समाचार पत्र
रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
महराजगंज, रायबरेली। शारदीय नवरात्रि और दशहरा पर्व को लेकर महराजगंज कोतवाली परिसर में पीस कमेटी की बैठक आयोजित हुई। बैठक में पुलिस-प्रशासन ने पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और सुरक्षित माहौल में संपन्न कराने को लेकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
बैठक में जनप्रतिनिधियों के साथ दुर्गा पूजा पंडाल समितियों के पदाधिकारी और डीजे संचालक शामिल हुए। कोतवाल जगदीश यादव ने लोगों से अपील की कि किसी भी तरह की अफवाह पर भरोसा न करें और संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।
उन्होंने डीजे संचालकों को निर्देशित किया कि मूर्ति स्थापना से लेकर विसर्जन तक धार्मिक एवं आध्यात्मिक गीतों का ही प्रयोग किया जाए। कोतवाल ने बताया कि क्षेत्र में इस बार 33 स्थानों पर दुर्गा पूजा पंडाल स्थापित किए जाएंगे, जिनकी सुरक्षा के लिए पुलिस टीमों की तैनाती की जाएगी।
पंडाल समितियों को बिजली व्यवस्था दुरुस्त रखने, अग्निशमन यंत्र लगाने, सीसीटीवी कैमरे लगाने तथा सुरक्षित प्रवेश-निकास द्वार और पार्किंग की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। पुलिस अधिकारियों ने कहा कि त्योहार के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस पूरी तरह मुस्तैद रहेगी।
