चंदापुर में कांग्रेस का जोरदार प्रदर्शन, ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ के नारों से गूंजा इलाका।

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली

चंदापुर/रायबरेली। चुनावी प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं के विरोध में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने सोमवार को चंदापुर न्याय पंचायत में जोरदार प्रदर्शन किया। हाथों में तख्तियां और पार्टी के झंडे लेकर जुटे कार्यकर्ताओं ने ‘वोट चोर गद्दी छोड़’ के नारे लगाए और मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की।प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने आरोप लगाया कि चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं।

उनका कहना था कि गरीब, दलित और पिछड़े वर्ग के मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाए जाने तथा फर्जी मतदान जैसे आरोपों की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए। नेताओं ने कहा कि जनता के मताधिकार और लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूती के लिए कांग्रेस लगातार आवाज उठाती रहेगी।

कार्यकर्ताओं ने केंद्र सरकार और चुनाव आयोग के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कहा कि यदि उनकी मांगों पर ध्यान नहीं दिया गया तो आंदोलन को आगे और व्यापक किया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान स्थानीय स्तर पर कांग्रेस की राजनीतिक सक्रियता भी दिखाई दी।

इस मौके पर जिला पंचायत सदस्य शिवगढ़ अंजली पासी, वरिष्ठ कांग्रेसी नेता रविचंद्र सिंह, न्याय पंचायत अध्यक्ष गया प्रसाद चौरसिया, जीवन लाल यादव, आशीष सिंह, मोहम्मद रजा, गिरेन्द्र भदौरिया समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Related posts