त्रिपुला चौकी क्षेत्र में 25 से 30 वाहनों के नियमविरुद्ध संचालन का आरोप, परिवहन विभाग की निगरानी पर उठे सवाल।
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
रायबरेली। कोतवाली रायबरेली क्षेत्र के त्रिपुला चौकी अंतर्गत रावली से महाराजगंज मार्ग पर विक्रम-ऑटो और ई-रिक्शा के संचालन को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो रहे हैं। आरोप है कि करीब 25 से 30 विक्रम-ऑटो ऐसे हैं, जो कथित रूप से वैध रोड टैक्स, फिटनेस और बीमा जैसे जरूरी दस्तावेजों के बिना सड़क पर फर्राटा भर रहे हैं।स्थानीय लोगों का आरोप है कि परिवहन विभाग कार्यालय और चौकी क्षेत्र के आसपास से इन वाहनों का लगातार आवागमन होने के बावजूद जिम्मेदार अधिकारियों की नजर इन पर क्यों नहीं पड़ रही है?
यदि वाहनों के कागजात वास्तव में अधूरे हैं तो उनकी जांच और कार्रवाई क्यों नहीं की जा रही है?सबसे बड़ा सवाल यह भी है कि क्या किसी जिम्मेदार की कथित मेहरबानी के चलते नियमों की अनदेखी हो रही है? आखिर बिना टैक्स, फिटनेस और बीमा के वाहन सड़क पर कैसे दौड़ रहे हैं? ऐसे वाहनों से सड़क पर चलने वाले अन्य लोगों की सुरक्षा पर भी सवाल खड़े होते हैं।
स्थानीय लोगों ने परिवहन विभाग और यातायात पुलिस से रावली-महाराजगंज मार्ग पर विशेष अभियान चलाकर विक्रम-ऑटो के कागजात की जांच कराने की मांग की है। अब देखना यह है कि एआरटीओ और यातायात विभाग इन आरोपों का संज्ञान लेकर मौके पर जांच कराते हैं या मामला सिर्फ कागजी कार्रवाई तक सीमित रह जाता है।
