धारा लक्ष्य समाचार पत्र
रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
महराजगंज, रायबरेली। महराजगंज-रायबरेली मार्ग पर थुलवासा बाजार में बुधवार सुबह करीब 11 बजे बाइक और ई-रिक्शा की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में दोनों वाहनों के चालक घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। दुर्घटना की सूचना मिलते ही थुलवासा चौकी पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए राहत कार्य शुरू किया और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाने की व्यवस्था की।
जानकारी के अनुसार, सोथी गांव निवासी ई-रिक्शा चालक राम भजन थुलवासा बाजार में रिक्शा मोड़ रहे थे। इसी दौरान रायबरेली की ओर जा रहे मऊ बाजार निवासी बाइक सवार सिराज से उनकी भिड़ंत हो गई। टक्कर के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और दोनों घायल बेसुध हो गए।
सूचना मिलते ही थुलवासा चौकी इंचार्ज राहुल मिश्रा अपनी पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस टीम ने बिना देर किए एंबुलेंस की मदद से दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पहुंचाया। पुलिस की त्वरित कार्रवाई से घायलों को समय पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने में मदद मिली। चिकित्सकों ने ई-रिक्शा चालक राम भजन की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें जिला अस्पताल रेफर कर दिया,
जहां उनका इलाज चल रहा है।हादसे के बाद पुलिस की सक्रियता और तत्परता से राहत कार्य तेजी से पूरा हुआ। कोतवाली प्रभारी जगदीश यादव ने बताया कि घटना की जानकारी मिली है। तहरीर मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
