कमलापुर में मारपीट में युवक की मौत, मछरेहटा में बालिका हत्याकांड का खुलासा

लुधौरा गांव में पांच लोगों पर हमला करने का आरोप, ग्वालीपुरवा में दुष्कर्म के बाद हत्या के मामले में आरोपी गिरफ्तार

धारा लक्ष्य समाचार

जिला संवाददाता शफीक अहमद

सीतापुर। जिले में दो अलग-अलग घटनाओं में एक युवक की मौत हो गई, जबकि 12 वर्षीय बालिका की हत्या के मामले में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार करने का दावा किया है। कमलापुर थाना क्षेत्र के लुधौरा गांव में गुरुवार शाम दो पक्षों के बीच विवाद के दौरान 35 वर्षीय मनोज कुमार की मौत हो गई। वहीं, मछरेहटा थाना क्षेत्र के ग्वालीपुरवा में गन्ने के खेत में मिली बालिका की लाश के मामले में पुलिस ने गांव निवासी जब्बर पुत्र मटरू को गिरफ्तार किया है।

कमलापुर के लुधौरा गांव निवासी मनोज कुमार पुत्र रामभरोसे रैदास गुरुवार शाम करीब साढ़े पांच बजे कमलापुर बाजार से घर लौट रहे थे। मृतक की पत्नी गुड़िया ने आरोप लगाया कि हाईवे पर निरंजन के घर के सामने गांव के ही शुभम सिंह, धीरेंद्र सिंह, नरेंद्र सिंह, कल्पना और सुनीता ने मनोज को घेरकर जातिसूचक गालियां दीं और लाठी-डंडों से हमला कर दिया। बीच-बचाव करने पहुंची पत्नी और परिवार के अन्य सदस्यों के साथ भी मारपीट का आरोप है।

गंभीर रूप से घायल मनोज की अस्पताल ले जाते समय रास्ते में मौत हो गई। पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल के अनुसार, दोनों पक्षों के बीच पहले भी विवाद हुआ था। नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए हैं और गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है।

उधर, मछरेहटा क्षेत्र के ग्वालीपुरवा गांव के पास 12 अक्टूबर को गन्ने के खेत में 12 वर्षीय बालिका का शव मिला था। पिता की तहरीर पर पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की। मामले के खुलासे के लिए मछरेहटा पुलिस और एसओजी की टीम लगाई गई।

पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ड्रोन कैमरों से आसपास के क्षेत्र का सर्वे कराया, डॉग स्क्वाड की मदद ली और फॉरेंसिक व तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया। इसके बाद आरोपी जब्बर को कल्ली रोड परिक्रमा मोड़ स्थित सूरजपुर पुलिया के पास से गिरफ्तार किया गया।

पुलिस के अनुसार, पूछताछ और विवेचना में सामने आया कि आरोपी ने बालिका को मोबाइल दिखाने के बहाने गन्ने के खेत में ले जाकर उसके साथ दुष्कर्म किया। बालिका द्वारा परिजनों को बताने की बात कहने पर आरोपी ने कथित तौर पर उसका गला दबाकर हत्या कर दी। मामले में बीएनएस की धारा 103(1), 65(2) और पॉक्सो एक्ट की धारा 5(m)/6 के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस अधीक्षक ने मामले का खुलासा करने वाली पुलिस और एसओजी टीम को 25 हजार रुपये नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।

दोनों मामलों में पुलिस की कार्रवाई जारी है। कमलापुर में युवक की मौत के मामले में पुलिस तहरीर और घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है, जबकि मछरेहटा के बालिका हत्याकांड में गिरफ्तार आरोपी के विरुद्ध विधिक कार्रवाई की जा रही है।

Related posts