मां दुर्गा की पूजा-अर्चना के बाद हुआ कन्या भोज, सांस्कृतिक कार्यक्रमों के जरिए विद्यार्थियों ने दिया बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश।
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली
महराजगंज/ रायबरेली। न्यू स्टैंडर्ड पब्लिक स्कूल सलेथू के प्रांगण में शारदीय नवरात्रि की नवमी और दशहरा पर्व हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य राजीव सिंह एवं उपप्रधानाचार्या रजनी श्रीवास्तव ने मां दुर्गा और उनके नौ स्वरूपों की पूजा-अर्चना कर किया। इसके बाद कन्या भोज का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और लघु नाटिका के माध्यम से भगवान श्रीराम के आदर्शों को जीवंत किया। विद्यार्थियों ने सत्य, धर्म, मर्यादा और कर्तव्यनिष्ठा का संदेश देते हुए बताया कि अहंकार, अन्याय और अधर्म चाहे कितने भी शक्तिशाली हों, अंत में विजय सत्य और अच्छाई की ही होती है।
प्रतीकात्मक रावण दहन के माध्यम से विद्यार्थियों को अपने भीतर की बुराइयों को त्यागने तथा सदाचार और नैतिकता अपनाने की प्रेरणा दी गई।प्रधानाचार्य राजीव सिंह ने कहा कि दशहरा केवल त्योहार नहीं, बल्कि अहंकार, क्रोध और ईर्ष्या जैसी बुराइयों को समाप्त करने का संदेश देने वाला पर्व है। उन्होंने विद्यार्थियों से भगवान श्रीराम के आदर्शों को जीवन में अपनाने और समाज व राष्ट्र के विकास में योगदान देने का आह्वान किया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों में अनन्या, आस्था, दीपिका, यशी, अपर्णा, एंजेल, अनुराधा, प्राख्या, रिद्धिमा, जान्हवी, इशिका, आकृति, आयुषी, अविका, नित्या, अदिति, सक्षम, साहित्य, रौनक, आयुष्मान, अभिनंदन, अंश, शनि, हार्दिक, कार्तिक, यश, रितेश, काजेश सहित अन्य छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम के अंत में प्रधानाचार्य ने सभी को नवरात्रि एवं दशहरा पर्व की शुभकामनाएं दीं। इस अवसर पर विद्यालय के शिक्षक-शिक्षिकाएं, कर्मचारी और विद्यार्थी उपस्थित रहे।
