रायबरेली में स्काउट-गाइड की गतिविधियां ठप, सचिव नियुक्ति की मांग तेज

80 से अधिक प्रधानाचार्यों ने मेजर हरिश्चंद्र सिंह को अवैतनिक सचिव बनाने की अनुशंसा की।

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली

रायबरेली। जनपद में भारत स्काउट्स एवं गाइड्स की गतिविधियां प्रभावित होने से शिक्षकों और कार्यकारिणी सदस्यों में नाराजगी है। लंबे समय से रिक्त सचिव पद पर नियुक्ति की मांग तेज हो गई है। 80 से अधिक प्रधानाचार्यों और प्रधानाचार्याओं ने सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य मेजर हरिश्चंद्र सिंह को अवैतनिक सचिव बनाने की अनुशंसा की है।

27 सितंबर 2026 को वैदिक इंटर कॉलेज में आयोजित बैठक में इस संबंध में प्रस्ताव रखा गया था। सदस्यों का कहना है कि पिछले तीन वर्षों से प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रभावित हैं और स्काउट भवन बंद रहने से विद्यार्थियों को परेशानी हो रही है।शिक्षकों ने जिलाधिकारी, मुख्य विकास अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक और जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी से शीघ्र कार्रवाई की मांग की है।

उनका कहना है कि स्काउटिंग विद्यार्थियों में अनुशासन, नेतृत्व और सेवा भावना विकसित करती है।सदस्यों ने चेतावनी दी कि व्यवस्था जल्द बहाल नहीं हुई तो राज्य पुरस्कार और राष्ट्रपति पुरस्कार की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों का भविष्य प्रभावित हो सकता है। अब सभी की निगाहें प्रशासनिक निर्णय पर टिकी हैं।

Related posts