रायबरेली में अनुप्रिया पटेल का विपक्ष पर हमला, बोलीं—लोकतंत्र और भीड़तंत्र का फर्क भूल चुका है विपक्ष।

चुनावी हार से हताश विपक्ष पर लगाए अराजकता फैलाने के आरोप, एनडीए सरकार के विकास कार्यों का किया जिक्र।

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली

रायबरेली। केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण राज्य मंत्री अनुप्रिया पटेल ने विपक्षी गठबंधन पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि विपक्ष लोकतंत्र और भीड़तंत्र के बीच का अंतर भूल चुका है। वह प्रतापगढ़ में अपना दल (एस) के संस्थापक डॉ. सोनेलाल पटेल के 17वें परिनिर्वाण दिवस कार्यक्रम में शामिल होने जा रही थीं। इस दौरान रायबरेली के त्रिपुला चौराहे पर पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया।

मीडिया से बातचीत के दौरान अनुप्रिया पटेल ने दिल्ली में विपक्षी दलों के प्रदर्शनों को लेकर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि चुनावी हार से हताश विपक्ष अराजकता का रास्ता अपना रहा है। उनके मुताबिक, विपक्ष के पास न कोई स्पष्ट नेता है, न ठोस नीति और न ही कोई स्पष्ट एजेंडा।

केंद्रीय मंत्री ने कहा कि जनता के दिलों में जगह उपद्रव से नहीं, बल्कि जनसेवा से बनाई जाती है। उन्होंने विपक्ष को आत्ममंथन करने की सलाह देते हुए एनडीए सरकार के विकास कार्यों का उल्लेख किया। साथ ही दावा किया कि जनता का भरोसा एनडीए के साथ है। अनुप्रिया पटेल के इस बयान से राजनीतिक गलियारों में विपक्ष और सत्तापक्ष के बीच आरोप-प्रत्यारोप की चर्चा तेज हो गई है।

Related posts