डीएम-एसपी ने संभाली कार्तिक पूर्णिमा मेले की कमान, श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधाओं को लेकर दिए कड़े निर्देश।

क्रासर : जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका और पुलिस अधीक्षक रवि कुमार की संयुक्त बैठक में बनी रणनीति, अधिकारियों को सतर्कता, बेहतर समन्वय और समय से व्यवस्थाएं पूरी करने के निर्देश।

रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

रायबरेली। आगामी कार्तिक पूर्णिमा मेले को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन और पुलिस विभाग पूरी तरह सक्रिय हो गया है। इसी क्रम में बुधवार को बचत भवन, रायबरेली में जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका एवं पुलिस अधीक्षक रवि कुमार की संयुक्त अध्यक्षता में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में मेले के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा, भीड़ प्रबंधन, कानून-व्यवस्था और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई।

जिलाधिकारी सरनीत कौर ब्रोका ने मेले को लेकर प्रशासनिक तैयारियों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न होने पाए। सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करें और आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी कर लें।वहीं पुलिस अधीक्षक रवि कुमार ने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस अधिकारियों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए।

उन्होंने कहा कि मेले के दौरान भीड़ नियंत्रण, कानून-व्यवस्था बनाए रखने और श्रद्धालुओं की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। संबंधित अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में मुस्तैद रहें तथा किसी भी परिस्थिति से निपटने के लिए पूरी तैयारी रखें।जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक की संयुक्त पहल से मेले की तैयारियों को लेकर प्रशासनिक गंभीरता साफ नजर आई।

दोनों अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि कार्तिक पूर्णिमा जैसे महत्वपूर्ण धार्मिक आयोजन में श्रद्धालुओं की सुरक्षा, सुविधा और सुचारु व्यवस्था सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता है।बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक पवन गौतम, क्षेत्राधिकारी नगर आशीष निगम सहित पुलिस एवं प्रशासन के अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

Related posts