इंस्टाग्राम पर हुई दोस्ती, शादी का झांसा देकर बनाए शारीरिक संबंध; विरोध करने पर जान से मारने की धमकी।

मिल एरिया पुलिस ने वांछित आरोपी को किया गिरफ्तार, शारदानगर पुल के पास से पकड़ा गया अभियुक्त।

रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

रायबरेली। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम के जरिए हुई पहचान के बाद युवती को शादी का झांसा देकर शारीरिक संबंध बनाने और विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने के मामले में मिल एरिया पुलिस ने वांछित अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी को 17 नवंबर को मुखबिर की सूचना पर खसपरी शारदानगर पुल के पास से गिरफ्तार किया।पुलिस के मुताबिक, पीड़िता ने थाना मिल एरिया में तहरीर देकर बताया कि वर्ष 2020 में इंस्टाग्राम के माध्यम से उसका संपर्क बृजेंद्र कुमार पुत्र राम कुमार निवासी ग्राम खोर, पोस्ट हरदासपुर, थाना मिल एरिया, रायबरेली से हुआ था।

आरोप है कि बृजेंद्र ने शादी का झांसा देकर उसके साथ कई बार शारीरिक संबंध बनाए।

पीड़िता के अनुसार, 20 सितंबर 2026 को जब वह शादी की बात करने आरोपी के घर पहुंची तो वहां मौजूद बृजेंद्र कुमार, उसके पिता राम कुमार और मां ज्ञानवती ने गाली-गलौज करते हुए उसे धक्का देकर घर से भगा दिया और जान से मारने की धमकी दी।

पीड़िता की तहरीर के आधार पर पुलिस ने 16 नवंबर 2026 को मुकदमा अपराध संख्या 0299/2026 के तहत बीएनएस की धारा 69, 352 एवं 351(3) में अभियोग पंजीकृत किया था।

पुलिस अधीक्षक रवि कुमार के निर्देश पर अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत मिल एरिया पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी बृजेंद्र कुमार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने बताया कि अभियुक्त के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए न्यायिक अभिरक्षा में भेजा जा रहा है। मामले में नामजद अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।

Related posts