आलू से लदे दो ट्रकों की आमने-सामने जोरदार टक्कर, दोनों चालक घायल, एक ट्रक पलटा

रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

बछरावां रायबरेली। थाना क्षेत्र के अंतर्गत चुरूवा-पश्चिमगांव बायपास मार्ग पर शेखपुर समोधा चौराहे के निकट बुधवार की सुबह तकरीबन 4:00 बजे के आसपास आलू से लदे दो ट्रकों में आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। जिसमें दोनों ट्रकों के चालक गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं मौके पर एक ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। वही दोनों घायल चालको को इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार आपको बताते चलें कि घायल चालक मुकरम पुत्र अब्दुल हकीम निवासी कोट राज्य हरियाणा जो कि लखनऊ से आलू का सरकारी बीज लादकर फतेहपुर जा रहा था, और उसके साथ लाला प्रधान पुत्र समुन निवासी कोट राज्य हरियाणा एवं अखिलेश पुत्र रोशनलाल निवासी प्रयागराज (जिला उद्यान अधिकारी उद्यान निरीक्षक जनपद फतेहपुर) भी सवार थे।

तभी कन्नौज से प्रतापगढ़ आलू से लदा ट्रक लेकर जा रहे प्रदीप कुमार पुत्र राम आधार एवं प्रशांत कुमार पुत्र प्रदीप कुमार निवासीगण गौरीगंज अमेठी के ट्रक व मुकरम के ट्रक में आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि मुकरम का ट्रक घटना स्थल से 20 मीटर की दूरी पर जाकर पलट गया और प्रदीप कुमार के ट्रक का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।

तत्काल आसपास मौजूद लोगों एवं उनके साथियों के द्वारा गंभीर रूप से घायल दोनों ट्रक चालकों को इलाज के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बछरावां पहुंचाया गया। जहां मौजूद चिकित्सक के द्वारा दोनों का प्राथमिक उपचार करने के पश्चात उनकी हालत को सामान्य देखते हुए उन्हें घर भेज दिया गया है।

वही घटना के बाद घटनास्थल पर काफी देर तक वाहनों का लम्बा जाम लग गया, जिसे स्थानीय लोगों के द्वारा कड़ी मेहनत के बाद हटवाकर आवागमन पुनः सुचार रूप से शुरू कराया गया है।

Related posts