सरकारी साइन बोर्ड बना राजनीतिक प्रचार का अड्डा, सपा नेता का पोस्टर चस्पा; जिम्मेदार विभाग मौन।

रिपोर्टर रोहित मिश्रा रायबरेली

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

रायबरेली। शहर के सिविल लाइन चौराहे पर सरकारी संपत्ति के दुरुपयोग का मामला सामने आया है। पर्यटन विभाग की ओर से लगाए गए दिशा-सूचक साइन बोर्ड पर समाजवादी पार्टी के एक नेता का प्रचारात्मक पोस्टर चस्पा कर दिया गया है। बुधवार सुबह करीब 10 बजे सामने आई तस्वीर में सरकारी बोर्ड पर सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की तस्वीर के साथ वर्ष 2027 में उनके आगमन का संदेश लिखा दिखाई दे रहा है।

पोस्टर पर समाजवादी पार्टी के जिला उपाध्यक्ष नीलेश यादव का नाम और तस्वीर भी लगी हुई है।लखनऊ-प्रयागराज हाईवे की ओर जाने वाले मार्ग पर लगा यह सरकारी साइन बोर्ड राहगीरों और वाहन चालकों को रास्ते की जानकारी देने के उद्देश्य से स्थापित किया गया है, ताकि बाहर से आने वाले लोगों को अपने गंतव्य तक पहुंचने में सुविधा हो। लेकिन सरकारी दिशा-सूचक बोर्ड पर राजनीतिक प्रचार का पोस्टर चस्पा होने से इसकी उपयोगिता और सार्वजनिक संपत्ति के रखरखाव पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

सवाल यह है कि आखिर सरकारी धन से लगाए गए साइन बोर्ड को राजनीतिक प्रचार का माध्यम बनाने की अनुमति किसने दी? क्या संबंधित विभाग के अधिकारियों को इसकी जानकारी नहीं है या फिर इस ओर जानबूझकर अनदेखी की जा रही है? सार्वजनिक उपयोग के लिए लगाए गए सरकारी बोर्ड पर इस तरह पोस्टर चस्पा करना नियमों के पालन को लेकर भी सवाल खड़े करता है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि सरकारी संपत्तियों का उपयोग जनसुविधा के लिए होना चाहिए, न कि निजी अथवा राजनीतिक प्रचार के लिए। अब देखना होगा कि पर्यटन विभाग और जिला प्रशासन मामले का संज्ञान लेकर पोस्टर हटवाते हैं या नहीं। साथ ही सरकारी संपत्ति पर पोस्टर चस्पा करने वालों की जिम्मेदारी तय कर नियमानुसार कार्रवाई की जाती है या मामला इसी तरह नजरअंदाज कर दिया जाता है।

Related posts