मीडिया कर्मियों के पहुंचने पर आनन-फानन में 10:30 बजे खोला गया अस्पताल का मुख्य द्वार, अधीक्षक सहित चिकित्सकों की कुर्सियां मिलीं खाली
धारा लक्ष्य समाचार
त्रिवेदीगंज, बाराबंकी। प्रदेश सरकार जहां एक ओर सरकारी अस्पतालों में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने और चिकित्सकों एवं कर्मचारियों की समय से उपस्थिति सुनिश्चित करने के लिए लगातार प्रयास कर रही है, वहीं सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र त्रिवेदीगंज की स्थिति इन दावों पर सवाल खड़े करती नजर आ रही है।
मामला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र त्रिवेदीगंज का है, जहां सुबह करीब 10:15 बजे तक चिकित्सालय परिसर के मुख्य गेट पर ताला लटकता मिला। अस्पताल पहुंचने वाले मरीजों और तीमारदारों को मुख्य द्वार बंद होने के कारण परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। हैरानी की बात यह रही कि जब मीडिया कर्मी मौके पर पहुंचे तो अस्पताल का मुख्य गेट बंद था। इसके बाद आनन-फानन में मौके पर मौजूद स्टाफ द्वारा करीब 10:30 बजे मुख्य गेट का ताला खोला गया।
मीडिया कर्मियों के चिकित्सालय परिसर में प्रवेश करने पर वहां की व्यवस्थाओं की एक और तस्वीर सामने आई। परिसर में एक भी चिकित्सक मौजूद नजर नहीं आया। यहां तक कि अधीक्षक की कुर्सी भी खाली पड़ी थी। वहीं एक्स-रे टेक्नीशियन, लैब टेक्नीशियन और महिला चिकित्सक की कुर्सियां भी खाली नजर आईं।
ऐसे में सबसे बड़ा सवाल यह उठता है कि जब सुबह 10:15 बजे तक अस्पताल का मुख्य गेट ही बंद रहेगा और परिसर में चिकित्सक एवं संबंधित कर्मचारी मौजूद नहीं मिलेंगे, तो दूर-दराज के गांवों से इलाज की उम्मीद लेकर आने वाले मरीजों को स्वास्थ्य सुविधाएं कैसे मिलेंगी?
पुराने समय से चली आ रही एक कहावत है— ‘देर से आना, जल्दी जाना, यह दस्तूर पुराना है।’ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र त्रिवेदीगंज की मौजूदा तस्वीर इस कहावत को चरितार्थ करती दिखाई दे रही है।
अब देखना यह होगा कि स्वास्थ्य विभाग के जिम्मेदार अधिकारी इस गंभीर मामले को कितनी गंभीरता से लेते हैं। क्या मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) द्वारा अस्पताल की व्यवस्थाओं का निरीक्षण कर लापरवाह कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी या फिर सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं की बदहाली इसी तरह जारी रहेगी?

फिलहाल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र त्रिवेदीगंज की कार्यप्रणाली पर सवालिया निशान लगना लाजिमी है। मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने के सरकारी दावों के बीच अस्पताल की यह तस्वीर जिम्मेदार अधिकारियों से जवाब मांग रही है।
