धारा लक्ष्य समाचार पत्र
अयोध्या मंडल के संयुक्त कृषि निदेशक ए. के. मिश्रा ने शुक्रवार करीब 1 बजे बाराबंकी जिले का दौरा किया। उन्होंने जिले में उर्वरकों की उपलब्धता और वितरण व्यवस्था की जांच की।ए के मिश्रा ने तीन उर्वरक बिक्री केंद्रों का निरीक्षण किया। कुरौली स्थित मेसर्स राधेश्याम पवन कुमार के प्रतिष्ठान में 150 बोरी एनएफएल यूरिया मिली। यह खेप उसी दिन आई थी।
पीओएस मशीन और अभिलेखों से इसका मिलान सही पाया गया।रघई गदिया स्थित एग्रीजंक्शन वन स्टॉप शॉप पर 276 बोरी यूरिया उपलब्ध थी। यहां रेट और स्टॉक बोर्ड नियमानुसार प्रदर्शित था। विक्रेता को बिक्री रजिस्टर में भूमि विवरण और फसल का नाम अनिवार्य रूप से दर्ज करने के निर्देश दिए गए।
बंकी स्थित ओम नमः शिवाय खाद भंडार में 68 बोरी आईपीएल यूरिया मिली। यहां से खरीदी गई यूरिया के संबंध में तीन किसानों से फोन पर संपर्क किया गया। विपिन कुमार, अशोक कुमार और शिव कुमार ने पुष्टि की कि उन्होंने दो-दो बोरी यूरिया खरीदी है।
संयुक्त कृषि निदेशक ने सभी विक्रेताओं को निर्देश दिए कि किसानों को उर्वरक वितरण में किसी तरह की परेशानी नहीं होनी चाहिए।

