जिला रिपोर्टर
रायबरेली। हरचंदपुर थाना क्षेत्र के रुकनापुर गांव में हरे पेड़ों की अवैध कटाई का मामला सुर्खियों में है। ग्रामीणों ने वन विभाग और पुलिस पर ठेकेदारों से मिलीभगत कर हरे पेड़ कटवाने का गंभीर आरोप लगाया है। ग्रामीणों ने बताया कि हाल ही में गांव के एक किसान के खेत से तीन मोटे नीम के पेड़ और एक महुआ का पेड़ काट डाला गया। आरोप है कि इस काम में वन विभाग और पुलिस की सीधी मिलीभगत है।
ग्रामीणों का कहना है कि आए दिन हरे-भरे पेड़ों की कटाई होती है और शिकायत करने पर वन विभाग मामले से पल्ला झाड़ लेता है। लोगों ने चिंता जताई है कि इस तरह की अवैध कटाई से न केवल पर्यावरण को नुकसान हो रहा है बल्कि ग्रामीणों की आजीविका पर भी असर पड़ रहा है। उन्होंने जिलाधिकारी से तत्काल कार्रवाई की मांग की है।

