धारा लक्ष्य समाचार पत्र
संग्रामपुर/अमेठी। जिले के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र संग्रामपुर में बुधवार को एचआरपी डे के तहत 54 गर्भवती महिलाओं की जांच की गई। इस दौरान सभी को मुफ्त दवा और निःशुल्क जांच की सुविधा दी गई।स्वास्थ्य विभाग के अनुसार, महीने में चार दिन उच्च जोखिम वाली गर्भवती महिलाओं की विशेष जांच की जाती है, जिससे मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाई जा सके।
प्रधानमंत्री सुरक्षित मातृत्व अभियान के अंतर्गत इस दिन सभी गर्भवती महिलाओं की गुणवत्तापूर्ण प्रसव पूर्व देखभाल की जाती है। इसी कड़ी में आज आयोजित कार्यक्रम में पंजीकृत 54 गर्भवती महिलाओं में 12 को अल्ट्रासाउंड जांच के लिए चिन्हित किया गया।
जबकि 5 महिलाओं को एचआरपी (हाई रिस्क प्रेग्नेंसी) के रूप में चिह्नित किया गया। यह कार्यक्रम सीएचसी संग्रामपुर प्रभारी डॉ. संतोष सिंह की देखरेख में संपन्न हुआ। इस दौरान महिला डॉक्टर सुमिरन, फार्मासिस्ट बृजेन्द्र यादव, लैब टेक्नीशियन वीरेंद्र वर्मा, लैब असिस्टेंट मुकेश कुमार, एएनएम और आशा बहू मौजूद रहीं।

