Amethi UP: पोषण माह पर अभिभावक सहभागिता से सशक्त बचपन, शिक्षा व मिशन शक्ति पर महिला चौपाल आयोजित

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

अमेठी। पोषण माह 2025 के अवसर पर बाल विकास सेवा एवं पुष्टाहार विभाग द्वारा आंगनबाड़ी केंद्रों के लाभार्थियों को पोषण, शिक्षा व स्वास्थ्य संबंधी जागरूकता प्रदान करने हेतु विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में आज आंगनवाड़ी केंद्र धनीजलालपुर में महिला चौपाल का आयोजन किया गया।

कार्यक्रम में लाभार्थियों को विभाग की विभिन्न सेवाओं—विशेषकर स्कूल पूर्व शिक्षा, पोषण, स्वच्छता एवं अच्छे स्वास्थ्य के महत्व के बारे में जानकारी दी गई। जिला कार्यक्रम अधिकारी संतोष कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि “जीवन के प्रथम 1000 दिनों में मिलने वाला पोषण बच्चों के समग्र विकास की नींव होता है।”

उन्होंने 0-6 वर्ष के बच्चों को कुपोषण से बचाने के उपायों और स्वास्थ्य व पोषण शिक्षा के महत्व पर विस्तार से जानकारी दी। साथ ही मिशन शक्ति अभियान के अंतर्गत सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं और विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों (1076, 1090, 181, 112, 102, 1098, 101, 1930, 108) की जानकारी भी दी गई।

रॉकेट लर्निंग संस्था से सुरेश गुप्ता ने बच्चों में प्रारंभिक शिक्षा (ECCE) गतिविधियों की उपयोगिता पर चर्चा की। उन्होंने बताया कि कैसे खेल और TLM (Teaching Learning Material) के माध्यम से बच्चों का सर्वांगीण विकास संभव है। इस अवसर पर मुख्य सेविका संगीता यादव (दरपीपुर परिक्षेत्र), प्रधानाध्यापक, आंगनवाड़ी कार्यकत्री ऋचा पाण्डेय, लाभार्थी एवं ग्रामवासी उपस्थित रहे।

Related posts