अमेठी में महिला कल्याण विभाग द्वारा पर्सनल सेफ्टी अवेयरनेस कार्यक्रम आयोजित।
अमेठी। महिला कल्याण विभाग, उत्तर प्रदेश द्वारा “मिशन शक्ति विशेष अभियान फेज–5.0” के अंतर्गत महिलाओं और बालिकाओं के सशक्तिकरण व सुरक्षा के लिए जिले में व्यापक जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। अभियान की थीम “सशक्त नारी, समृद्ध प्रदेश” के तहत आज जिला मजिस्ट्रेट संजय चौहान के निर्देशन एवं उपजिलाधिकारी / प्रभारी जिला प्रोबेशन अधिकारी सात्विक श्रीवास्तव के नेतृत्व में जनपद के विभिन्न विद्यालयों में पर्सनल सेफ्टी अवेयरनेस कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम का आयोजन राजकीय बालिका इंटर कॉलेज शाहगढ़, राजकीय बालिका इंटर कॉलेज जामों एवं शिव प्रताप इंटर कॉलेज अमेठी में किया गया। इस दौरान छात्राओं और महिलाओं को आत्मरक्षा, सुरक्षा एवं संरक्षण के उपायों की जानकारी दी गई तथा विभिन्न आपात परिस्थितियों में स्वयं की सुरक्षा कैसे करें, इस पर विस्तार से चर्चा की गई।
महिला कल्याण विभाग की टीम ने “बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ”, “मिशन शक्ति”, “वन स्टॉप सेंटर”, “मुख्यमंत्री कन्या सुमंगला योजना”, “मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना (सामान्य/कोविड)”, “स्पॉन्सरशिप योजना” तथा “निराश्रित महिला पेंशन योजना” सहित अन्य महिला सशक्तिकरण योजनाओं की जानकारी दी। प्रतिभागियों में इन योजनाओं के फोल्डर, पंपलेट वितरित कर प्रचार-प्रसार किया गया।
साथ ही कार्यक्रम में उपस्थित महिलाओं व बालिकाओं को विभिन्न हेल्पलाइन नंबरों महिला हेल्पलाइन 181, एम्बुलेंस सेवा 108, चाइल्ड हेल्पलाइन 1098, सायबर हेल्पलाइन 1930, वूमेन पावर लाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112 की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में उपस्थित बाल कल्याण समिति सदस्य नीरज पांडेय, रीता सिंह,
वन स्टॉप सेंटर अमेठी की सेंटर मैनेजर गायत्री देवी, हब फॉर इम्पावरमेंट ऑफ वूमेन से राकेश कुमार यादव एवं जानवी गुप्ता, तथा चाइल्ड हेल्पलाइन टीम के गौरव श्रीवास्तव, रूची सिंह और रोशन लाल ने भी प्रतिभागियों को आवश्यक जानकारी प्रदान की। कार्यक्रम का उद्देश्य महिलाओं और बालिकाओं में आत्मविश्वास बढ़ाना, सुरक्षा के प्रति जागरूकता लाना तथा सरकारी योजनाओं से अधिकाधिक लाभान्वित करना रहा।

