करिश्मा ने सीखा बैंकिंग कार्यप्रणाली और वित्तीय साक्षरता के गुर
रिपोर्ट रवि प्रकाश द्विवेदी अमेठी
अमेठी।नारी सुरक्षा, सम्मान एवं स्वावलंबन के लिए समर्पित मिशन शक्ति 5.0 अभियान, जिसे प्रदेश सरकार ने शारदीय नवरात्रि के पावन अवसर पर प्रारंभ किया है, के अंतर्गत जनपद अमेठी में जिलाधिकारी संजय चौहान व मुख्य विकास अधिकारी सूरज पटेल के निर्देशन में विविध कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं।
इसी क्रम में आज पीएम श्री विद्यालय, सुजानपुर (विकास खंड गौरीगंज) की छात्रा करिश्मा को ग्रामीण बैंक में एक दिन का बैंक मैनेजर बनने का अवसर दिया गया। इस विशेष पहल के दौरान करिश्मा ने बैंक की कार्यप्रणाली को करीब से समझा। उन्होंने खातों के संचालन, लेनदेन की प्रक्रिया और ग्राहकों से संवाद करने की व्यवहारिक जानकारी प्राप्त की। बैंक अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने उन्हें बैंकिंग व्यवस्था की विस्तृत जानकारी दी तथा वित्तीय साक्षरता से जुड़े विभिन्न पहलुओं पर मार्गदर्शन प्रदान किया।
इस पहल का उद्देश्य छात्राओं में वित्तीय सशक्तिकरण, नेतृत्व विकास और समान अवसरों की भावना को प्रोत्साहित करना है, ताकि वे भविष्य में आत्मनिर्भर और जागरूक नागरिक बन सकें। विद्यालय के प्रधानाचार्य और शिक्षकों ने करिश्मा की इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि मिशन शक्ति जैसी योजनाएँ बालिकाओं में आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक चेतना के नए आयाम स्थापित कर रही हैं।
कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षकगण, बैंक अधिकारी एवं छात्राएं सक्रिय रूप से उपस्थित रहीं।

