धारा लक्ष्य समाचार पत्र
नवागत जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर. की सक्रिय कार्यशैली से प्रशासनिक गलियारों में हड़कंप, जनता में विश्वास की नई लहर।

औचक निरीक्षणों से प्रशासन में पारदर्शिता, जनता के भीतर विश्वास की नई लहर
सीतापुर, संवाददाता – शफीक अहमद की रिपोर्ट
सीतापुर के नवागत जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर. की कार्यशैली ने जिले की प्रशासनिक व्यवस्था में नई ऊर्जा का संचार कर दिया है। पदभार ग्रहण के बाद से ही डीएम के सख्त रुख और जनहितकारी निर्णयों ने विभागों में हड़कंप मचा दिया है। मंगलवार को उन्होंने जिले के विभिन्न विभागों का औचक निरीक्षण कर अपनी कार्यकुशलता और जवाबदेही का स्पष्ट संदेश दिया।

इस क्रम में जिलाधिकारी ने खैराबाद ब्लॉक कार्यालय, हरगांव चीनी मिल, ऐलिया ब्लॉक के विद्यालय एवं आंगनबाड़ी केंद्र का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने विभागीय कार्यालयों, योजनाओं, और रिकार्ड्स की गहन समीक्षा करते हुए पारदर्शिता तथा जवाबदेही पर विशेष जोर दिया।

जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि मनरेगा, प्रधानमंत्री आवास योजना, सामुदायिक शौचालय, व अन्य जनकल्याण योजनाओं में भ्रष्टाचार की कोई गुंजाइश न रहे और क्षेत्र में नियमित भ्रमण सुनिश्चित करें। उन्होंने भुगतान प्रक्रिया में पूरी पारदर्शिता और समयबद्धता की सख्त हिदायत दी।
निरीक्षण के दौरान कृषि और शिक्षा विभाग के कार्यों की भी बारीकी से पड़ताल की गई। विद्यालयों में शिक्षण की गुणवत्ता, स्वच्छता, मिड-डे-मील में मानकों का पालन और बच्चों की उपस्थिति पर जोर दिया गया। डीएम ने छात्रों को नियमित और अनुशासित रहने के लिए प्रेरित किया और लापरवाही पर कर्मियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई के निर्देश दिए।
जनता दरबार में उमड़ी भीड़ से स्पष्ट है कि जिले में प्रशासन के प्रति नागरिकों का भरोसा तेजी से बढ़ा है। लोग अपनी समस्याओं के समाधान हेतु बड़ी संख्या में जिलाधिकारी के कार्यालय पहुंच रहे हैं।
डॉ. राजागणपति आर. की पहल जनहित योजनाओं के धरातल पर क्रियान्वयन तथा प्रशासन को जवाबदेह व पारदर्शी बनाने में एक मजबूत कदम साबित हो रही है। जिले में सुशासन की नई लहर से उम्मीदें बढ़ गई हैं।
