धारा लक्ष्य समाचार पत्र
दलित महिला ने सपा नेता पर लगाया मारपीट और धमकी का आरोप, कहा—वीडियो होने के बाद भी पुलिस नहीं कर रही कार्रवाही।

अमेठी। 4 नवम्बर दिन मंगलवार शाम करीब 4 बजे जिले में सपा नेता शिव प्रताप यादव उर्फ बीआरसी पर एक दलित महिला ने जमीन कब्जा करने, मारपीट और धमकी देने का गंभीर आरोप लगाया है।
खेरौना गांव निवासी गरिमा पासी ने मंगलवार को कोतवाली पहुंचकर तहरीर दी कि उन्होंने रायपुर फुलवारी में एक जमीन का बैनामा कराया था, लेकिन सपा नेता जबरन कब्जा करने की कोशिश कर रहे हैं और उन्हें निर्माण कार्य नहीं करने दे रहे।


महिला ने बताया कि नेता के दबाव में पुलिस और राजस्व विभाग के अधिकारी भी कोई कार्रवाही नहीं कर रहे हैं।
पीड़िता के मुताबिक, अब तक दो बार उसके बेटे गौरव पासी के साथ मारपीट की जा चुकी है। इसके सबूत के तौर पर उसने धमकी और मारपीट का वीडियो भी पुलिस को दिखाया, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। गरिमा पासी ने कहा कि जब उन्होंने मामले की शिकायत की, तो उल्टा उन्हें डराया और धमकाया गया।

उन्होंने आरोप लगाया कि सपा नेता के खिलाफ पहले भी ग्राम पंचायत की सुरक्षित भूमि पर कब्जे की शिकायतें हो चुकी हैं, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।
इस पूरे प्रकरण पर क्षेत्राधिकारी (सीओ) मनोज कुमार मिश्र ने कहा कि मामला संज्ञान में नहीं था। यदि ऐसा है तो पीड़िता के आरोपों की जांच कराकर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाही की जाएगी।
