वीरता, अनुशासन और समर्पण के प्रतीक पुलिस ध्वज को दी सलामी
धारा लक्ष्य समाचार
शफीक अहमद
सीतापुर। पुलिस बल की बहादुरी, कर्तव्यपरायणता और गौरवशाली इतिहास को समर्पित पुलिस झंडा दिवस का आयोजन शनिवार को पुलिस लाइन सीतापुर में गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक सीतापुर अंकुर अग्रवाल ने ध्वजारोहण कर पुलिस ध्वज को सलामी दी और कार्यक्रम की शुरुआत की।
ध्वजारोहण के बाद संबोधन में एसपी अग्रवाल ने पुलिस ध्वज के ऐतिहासिक महत्व को रेखांकित करते हुए कहा कि यह ध्वज केवल एक प्रतीक नहीं, बल्कि पुलिस बल के साहस, अनुशासन, निष्ठा और सेवा भावना का प्रतिनिधित्व करता है। उन्होंने जिले की कानून-व्यवस्था को मजबूती देने में सक्रिय सभी अधिकारियों और जवानों को पुलिस झंडा दिवस की हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम के दौरान एसपी ने पुलिस महानिदेशक, उत्तर प्रदेश द्वारा जारी संदेश को भी पढ़कर सुनाया। उन्होंने कहा कि यह संदेश पुलिसकर्मियों को सदैव ईमानदारी, मानवीय संवेदना और पूर्ण निष्ठा से कर्तव्य का निर्वहन करने की प्रेरणा देता है। साथ ही उन्होंने पुलिस ध्वज की गरिमा को बनाए रखने और जनता की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर दिया।
एसपी अग्रवाल ने कहा कि पुलिस बल की मूल भावना समाज में शांति स्थापित करना और हर नागरिक की सुरक्षा सुनिश्चित करना है। ऐसे में हर पुलिसकर्मी को अपने दायित्वों के प्रति सजग, संवेदनशील और अनुशासित रहना चाहिए।
कार्यक्रम में पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी, अधिकारीगण, जवान एवं कर्मचारी उपस्थित रहे। ध्वजारोहण के साथ ही पुलिस बल की गौरवशाली परंपराओं और वीर गाथाओं को भावपूर्वक स्मरण किया गया।

