Amethi UP : सूर्या हॉस्पिटल में गुंडागर्दी , तीमारदारों से मारपीट का आरोप, वीडियो वायरल

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

कमरौली/अमेठी। जिले के कमरौली थाना क्षेत्र के सेक्टर–16 स्थित सूर्या हॉस्पिटल पर मरीज के तीमारदारों से मारपीट और धमकी देने के गंभीर आरोप लगे हैं। इस संबंध में पीड़ित अरुण कुमार शुक्ला ने थाना कमरौली में लिखित तहरीर देकर अस्पताल स्टाफ के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

पीड़ित के अनुसार, 15 दिसंबर 2025 को उन्होंने अपने पिता को इलाज के लिए सूर्या हॉस्पिटल में भर्ती कराया था। 17 दिसंबर को कंधे का ऑपरेशन कर प्लेट डाली गई। ऑपरेशन के बाद मरीज को असहनीय दर्द होने लगा। आरोप है कि सूचना देने के बावजूद आईसीयू स्टाफ करीब आधे घंटे तक मरीज को देखने नहीं पहुंचा।

जब पीड़ित ने दोबारा स्टाफ से मरीज को देखने की बात कही, तो अस्पताल कर्मियों जगदंबा, राजेश सहित करीब 10 अज्ञात लोगों ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। बीच-बचाव करने आए चचेरे भाई शिवम शुक्ला के साथ भी मारपीट की गई। आरोप है कि बाद में डॉक्टर भव्य शर्मा ने दोनों को कमरे में बंद कर पिटाई करने और पुलिस में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी।

घटना में अरुण कुमार शुक्ला और शिवम शुक्ला को चोटें आई हैं। मामले से संबंधित एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पीड़ित परिवार का कहना है कि घटना के बाद से वे भयभीत हैं।

बोले जिम्मेदार

सीएमओ डॉ. अंशुमान सिंह ने बताया कि सूर्या हॉस्पिटल एक निजी संस्थान है। यदि पीड़ित की ओर से स्वास्थ्य विभाग को लिखित शिकायत मिलती है, तो मामले की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। वहीं थाना अध्यक्ष मुकेश पटेल ने बताया कि पीड़ित की तहरीर प्राप्त हो गई है। मामले की जांच कर विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Related posts