पोषण योजनाओं, मिशन वात्सल्य और ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी 5.0 की समीक्षा, लापरवाही पर सख्त कार्रवाई के निर्देश।
धारा लक्ष्य समाचार
सीतापुर संवाददाता शफीक अहमद
सीतापुर। जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर. की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में जिले के समग्र विकास से जुड़ी तीन महत्वपूर्ण बैठकों का आयोजन किया गया। जिला पोषण समिति की बैठक में बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग की योजनाओं की समीक्षा करते हुए डीएम ने धीमी प्रगति पर नाराजगी जताई और स्पष्ट किया कि कुपोषण, मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य से जुड़े कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
प्रधानमंत्री मातृत्व वंदन योजना, वीएचएसएनडी सत्रों को मेले के रूप में आयोजित करने, आंगनबाड़ी केंद्रों पर आवश्यक उपकरणों की उपलब्धता, पोषण ट्रैकर पर शुद्ध डाटा फीडिंग तथा गर्भवती महिलाओं और बच्चों को समय से लाभ पहुंचाने के निर्देश दिए गए।
इसके बाद मिशन वात्सल्य के अंतर्गत जिला बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ और वन स्टॉप सेंटर टास्क फोर्स की संयुक्त बैठक में मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना, स्पॉन्सरशिप योजना तथा बाल कल्याण समिति और किशोर न्याय बोर्ड के लंबित प्रकरणों की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने सभी लंबित मामलों का प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश देते हुए कहा कि महिलाओं, बालिकाओं और बच्चों की सुरक्षा एवं अधिकारों का संरक्षण प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से प्रभावी कार्रवाई करने को कहा गया।
वहीं ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी 5.0 की तैयारियों को लेकर आयोजित समीक्षा बैठक में डीएम ने जिले को आवंटित निवेश लक्ष्य को हर हाल में पूरा करने के निर्देश दिए। निवेश प्रस्तावों, औद्योगिक परियोजनाओं, भूमि आवंटन, एनओसी और आधारभूत सुविधाओं की समीक्षा करते हुए उन्होंने कहा कि यह आयोजन निवेश और रोजगार सृजन की दृष्टि से अत्यंत महत्वपूर्ण है।
किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब न हो और निवेशकों की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया जाए। बैठकों में मुख्य विकास अधिकारी, मुख्य चिकित्साधिकारी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

