Amethi UP : अमेठी में नहर की पटरी कटने से सैकड़ों बीघे फसल हुई जलमग्न, किसानों में आक्रोश

धारा लक्ष्य समाचार पत्र

अमेठी। अमेठी तहसील क्षेत्र के भगनपुर गांव में नहर की पटरी कट जाने से भारी तबाही मच गई। नहर में आई दरार के बाद तेज बहाव के साथ पानी खेतों में घुस गया, जिससे सैकड़ों बीघे में खड़ी फसल जलमग्न हो गई। अचानक हुए इस नुकसान से किसानों की मेहनत पर पानी फिर गया और गांव में हड़कंप मच गया।

किसानों के अनुसार, नहर की पटरी कमजोर होने के कारण अचानक कट गई। देखते ही देखते पानी का बहाव तेज हो गया और आसपास के खेतों में भर गया। गेहूं, सरसों सहित अन्य रबी फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है। कई खेत पूरी तरह पानी में डूब गए हैं, जिससे फसल बचने की उम्मीद कम बताई जा रही है।

घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीणों ने प्रशासन और सिंचाई विभाग को सूचित किया। सूचना पर सिंचाई विभाग की टीम मौके पर पहुंची और कड़ी मशक्कत के बाद नहर में पानी का बहाव रोकवाया गया। इसके बाद कटे हुए हिस्से को अस्थायी रूप से बंद कराने का काम शुरू किया गया।

फसल नुकसान से आहत किसानों में भारी आक्रोश देखने को मिला। किसानों का आरोप है कि नहर की नियमित मरम्मत और निगरानी न होने के कारण यह हादसा हुआ। उन्होंने प्रशासन से जल्द सर्वे कराकर नुकसान का आकलन करने और मुआवजा दिलाने की मांग की है।

प्रशासन की ओर से बताया गया है कि मामले की जांच कराई जाएगी और दोषियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी। साथ ही नहर की स्थायी मरम्मत कर भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।

Related posts