Sitapur UP: कस्तूरबा गांधी विद्यालयों के निर्माण कार्यों का डीएम ने किया औचक निरीक्षण

गुणवत्ता व समयबद्धता के सख्त निर्देश, प्राथमिक विद्यालय में खामियों पर कार्रवाई

धारा लक्ष्य समाचार 

शफीक अहमद

सीतापुर। जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर. ने शुक्रवार को विकास खण्ड मछरेहटा के ग्राम केसरा स्थित कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय तथा गोंदलामऊ के ब्रम्हावली स्थित कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय में चल रहे निर्माण कार्यों का औचक निरीक्षण किया। उन्होंने एकेडमिक ब्लॉक व छात्रावास के निर्माण को निर्धारित समय सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण कराने के निर्देश देते हुए कार्यदायी संस्था यूपीसीएलडीएफ को मानकों का कड़ाई से पालन करने को कहा।

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने छात्राओं से बातचीत कर उनकी समस्याएं जानीं और अधिकारियों को आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। शिक्षकों से गुणवत्तापूर्ण शिक्षा पर विशेष ध्यान देने को कहा गया। इसके बाद प्राथमिक विद्यालय ब्रम्हावली (कम्पोजिट) के निरीक्षण में निपुण तालिका रजिस्टर में खामियां और बच्चों की कम उपस्थिति पाए जाने पर प्रधानाध्यापक को कड़ी फटकार लगाई गई।

साफ-सफाई व मूलभूत सुविधाओं में कमी पर खण्ड शिक्षा अधिकारी से स्पष्टीकरण तथा प्रधानाध्यापक के विरुद्ध प्रतिकूल प्रविष्टि के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने कक्षा-3 के छात्र से पुस्तक पढ़वाकर शैक्षणिक स्तर की जांच की और संतोष व्यक्त किया। साथ ही यूनिफार्म, मध्यान्ह भोजन व शिक्षण व्यवस्था की भी जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अखिलेश प्रताप सिंह सहित संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।

Related posts