धारा लक्ष्य समाचार पत्र
भेटुआ/अमेठी।
जनपद अमेठी के विकास खण्ड क्षेत्र भेटुआ के हीरापुर स्थित बाबा सिद्धगीर आश्रम में इन दिनों सामूहिक श्रीमदभागवत कथा का आयोजन पूरे श्रद्धा और भक्तिभाव के साथ किया जा रहा है। कथा वाचक आचार्य पंडित पवनपति त्रिपाठी द्वारा भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं, भक्ति, धर्म और मानव जीवन के आदर्शों का सरल एवं भावपूर्ण वर्णन किया जा रहा है। कथा श्रवण के लिए प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु आश्रम पहुंच रहे हैं, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में सराबोर है।
इस धार्मिक आयोजन में संजय मिश्रा, महात्मा तिवारी, डॉ. अमरनाथ तिवारी, पत्रकार इंद्रभान पांडेय एवं महात्मा तिवारी का सक्रिय सहयोग मिल रहा है। साथ ही शुभम श्रीवास्तव, सदाशिव तिवारी, धर्मेंद्र तिवारी तथा ग्राम प्रधान विजय तिवारी की उपस्थिति भी विशेष रूप से दर्ज की गई है। भजन-कीर्तन और जयघोष के बीच श्रद्धालु कथा का रसपान कर रहे हैं।
बाबा सिद्धगीर आश्रम की महत्ता पर संजय मिश्रा की विशेष प्रशंसा
कथा स्थल पर संजय मिश्रा ने बाबा सिद्धगीर आश्रम की भूमिका को रेखांकित करते हुए कहा,
“बाबा सिद्धगीर आश्रम केवल पूजा-अर्चना का स्थान नहीं, बल्कि यह गांव की आत्मा है। यह आश्रम वर्षों से धर्म, संस्कार और सामाजिक एकता का केंद्र रहा है।
यहां होने वाली श्रीमद् भागवत कथा से गांव में सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है और नई पीढ़ी को संस्कारों से जुड़ने की प्रेरणा मिलती है। ऐसे पवित्र स्थलों के कारण ही हमारी सांस्कृतिक विरासत जीवित है।”
वहीं डॉ. अमरनाथ तिवारी ने कहा,
“श्रीमद् भागवत कथा से मन को शांति मिलती है और आपसी सद्भाव बढ़ता है। यह आयोजन जीवन को सही दिशा देने और समाज में नैतिक मूल्यों को सुदृढ़ करने की प्रेरणा देता है।”
ग्रामीणों ने बताया कि बाबा सिद्धगीर आश्रम में हर वर्ष परंपरागत रूप से श्रीमद् भागवत कथा का आयोजन किया जाता है, जिसमें हीरापुर सहित आसपास के गांवों के लोग बढ़-चढ़कर भाग लेते हैं।

