धारा लक्ष्य समाचार पत्र
हैदरगढ़ बाराबंकी । हैदरगढ़ कोतवाली क्षेत्र में बांदा-बहराइच मार्ग पर देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। सतरही गांव के पास दो बाइकों की टक्कर के बाद एक अज्ञात ट्रक की चपेट में आने से एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया और शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक, कोठी थाना क्षेत्र के ढेड़िया गांव निवासी 30 वर्षीय नरेश पुत्र हरिपाल अपने मित्र रमेश पुत्र बदलू (निवासी कछवा वार्ड, नगर पंचायत सुबेहा) के साथ गुरुवार देर रात बाइक से घर लौट रहे थे। सतरही गांव के पास पहुंचते ही उनकी बाइक सामने से आ रही सिकंदर पुत्र प्रेमदास (निवासी करीडीह, थाना जगदीशपुर, अमेठी) की बाइक से टकरा गई। टक्कर के बाद तीनों बाइक सवार सड़क पर गिर गए।
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि सड़क पर गिरने के तुरंत बाद एक अज्ञात ट्रक का पिछला पहिया ढेड़िया निवासी नरेश के सिर के ऊपर से गुजर गया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर सैकड़ों लोगों की भीड़ जमा हो गई।
स्थानीय लोगों की सूचना पर पहुंची पुलिस ने तीनों घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र हैदरगढ़ में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज जारी है। मृतक नरेश के शव को पुलिस ने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हैदरगढ़ कोतवाली प्रभारी अभिमन्यु मल्ल ने ने बताया कि दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हुई है और दो घायल अस्पताल में भर्ती हैं। सभी की शिनाख्त हो चुकी है और उनके परिजनों को सूचित कर दिया गया है।

