धारा लक्ष्य समाचार पत्र
मुसाफिरखाना/अमेठी। जनपद अमेठी की मुसाफिरखाना तहसील में अधिवक्ताओं की हड़ताल लगातार जारी है, जिसके चलते तहसील का समस्त न्यायिक कार्य पूरी तरह ठप हो गया है। हड़ताल के कारण वादकारियों और फरियादियों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
तहसील बार एसोसिएशन के अध्यक्ष वेद प्रकाश शुक्ला ने प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि प्रशासन की हठधर्मिता के चलते हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं। उन्होंने बताया कि आम जनता से जुड़े मुकदमों की सुनवाई पूरी तरह बंद है और तहसील की सभी अदालतों का कामकाज प्रभावित हो रहा है।
बार अध्यक्ष के अनुसार, एसडीएम मुसाफिरखाना अभिनव कनौजिया के कार्यप्रणाली को लेकर बार एसोसिएशन द्वारा जिला प्रशासन से कई बार शिकायतें की गईं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई।
अधिवक्ताओं की जायज मांगों की लगातार अनदेखी किए जाने से विवश होकर बार एसोसिएशन को हड़ताल का रास्ता अपनाना पड़ा।
वेद प्रकाश शुक्ला ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि तहसील बार एसोसिएशन के सभी अधिवक्ता अनवरत हड़ताल पर हैं और जब तक एसडीएम मुसाफिरखाना का स्थानांतरण नहीं किया जाता, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि 22 जनवरी को तहसील परिसर में एक महापंचायत का आयोजन किया जाएगा, जिसमें प्रदेश भर से अधिवक्ताओं के शामिल होने की संभावना है। इसके अलावा विभिन्न संगठनों के प्रतिनिधियों को भी आमंत्रित किया गया है।
अधिवक्ताओं ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र ही उनकी मांगों पर निर्णय नहीं लिया गया, तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा। फिलहाल तहसील में कामकाज ठप होने से आम जनता को भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

