धारा लक्ष्य समाचार पत्र
अमेठी। जनपद अमेठी के विकास खंड संग्रामपुर की ग्रामसभा बनबीरपुर स्थित आंगनवाड़ी केंद्र पर लगा इंडिया मार्का हैंडपंप पिछले लगभग दो–तीन महीनों से खराब है और पानी नहीं दे रहा। मरम्मत न होने के कारण बच्चे उसके आसपास खेलते रहते हैं, जिससे हैंडपंप का बेस ढीला होकर लगातार हिलने लगा है। स्थिति इतनी गंभीर हो गई है कि यह कभी भी उखड़ सकता है या असामाजिक तत्वों द्वारा नुकसान पहुंचाया जा सकता है।
स्थानीय निवासियों दीनानाथ दुबे, ब्रह्मानंद दुबे, संतलाल दुबे, पवन दुबे, चंद्रकेश यादव और शिवम दुबे ने बताया कि यदि जल्द मरम्मत नहीं कराई गई तो हैंडपंप के पूरी तरह खराब होने के साथ दुर्घटना की आशंका भी बनी रहेगी।
इसी क्रम में ग्रामीणों ने प्राथमिक विद्यालय बनबीरपुर के सामने हाल ही में कराए गए रिबोर कार्य पर भी सवाल उठाए। करीब दो महीने बीत जाने के बावजूद न तो चौकी का निर्माण हुआ है और न ही सोखता सही ढंग से बनाया गया है। अधूरा सोखता होने से पानी विद्यालय परिसर में इधर-उधर भर जाता है, जिससे पढ़ने वाले बच्चों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने संबंधित विभाग से मांग की है कि आंगनवाड़ी केंद्र के हैंडपंप की तत्काल मरम्मत कराई जाए और विद्यालय के सामने रिबोर कार्य को मानक के अनुसार पूर्ण कराया जाए, ताकि बच्चों और ग्रामीणों को राहत मिल सके।

