Sitapur UP: आईजीआरएस शिकायतों व महिला-बाल क्षतिपूर्ति मामलों पर डीएम सख्त

गुणवत्तापूर्ण निस्तारण और समयबद्ध आर्थिक सहायता को बताया शासन की प्राथमिकता।

धारा लक्ष्य समाचार

सीतापुर संवाददाता शफीक अहमद

सीतापुर। जिलाधिकारी डॉ. राजागणपति आर. की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में एकीकृत शिकायत निवारण प्रणाली (आईजीआरएस) पोर्टल पर प्राप्त शिकायतों तथा रानी लक्ष्मीबाई महिला एवं बाल सम्मान कोष योजना से संबंधित प्रकरणों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।

बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा प्रस्तुत निस्तारण आख्या की गहन समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने जनसुनवाई और पीड़ित सहायता से जुड़े मामलों में पारदर्शिता एवं संवेदनशीलता के साथ कार्य करने के निर्देश दिए।

आईजीआरएस समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने स्पष्ट निर्देश दिए कि प्रत्येक शिकायत का गुणवत्तापूर्ण निस्तारण संबंधित अधिकारी द्वारा स्वयं मौके पर जाकर किया जाए तथा शिकायतकर्ता को निस्तारण की जानकारी अनिवार्य रूप से दी जाए।

निस्तारण के दौरान स्पॉट मेमो, कार्य से पूर्व एवं पश्चात की फोटो तथा निरीक्षणकर्ता अधिकारी की फोटो पोर्टल पर अपलोड करना अनिवार्य बताया गया। उन्होंने निस्तारण आख्या को स्पष्ट, टाइप की हुई तथा नाम, पदनाम व मोहर सहित अपलोड करने के निर्देश देते हुए चेतावनी दी कि लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

इसी क्रम में रानी लक्ष्मीबाई महिला एवं बाल सम्मान कोष योजना के अंतर्गत पॉक्सो एवं दहेज हत्या से जुड़े कुल 19 प्रकरणों के निस्तारण पर भी विस्तार से चर्चा की गई।

जिलाधिकारी ने पुलिस व मेडिकल स्तर पर लंबित मामलों में शीघ्र कार्यवाही पूर्ण कर उन्हें जिला संचालन समिति के समक्ष प्रस्तुत करने के निर्देश दिए तथा जिला प्रोबेशन अधिकारी को लंबित प्रकरणों के त्वरित निस्तारण हेतु आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए। उन्होंने स्पष्ट किया कि पात्र पीड़ित परिवारों को समयबद्ध आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है।

बैठक में अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) खालिद अंजुम, उपजिलाधिकारी सदर धामिनी एम. दास, मुख्य चिकित्सा अधिकारी सहित संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Related posts