Sitapur UP: सीतापुर में अपराध और भ्रष्टाचार पर प्रशासन का सख्त प्रहार डकैती में लापरवाही पर थानाध्यक्ष लाइन हाजिर, राशन चोरी में भाजपा ब्लॉक प्रमुख समेत तीन पर मुकदमा

धारा लक्ष्य समाचार 

संवाददाता शफीक अहमद की रिपोर्ट

सीतापुर। जनपद में अपराध नियंत्रण और सरकारी व्यवस्था की पारदर्शिता को लेकर प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। एक ओर तालगांव थाना क्षेत्र में 17 लाख रुपये की सनसनीखेज डकैती के मामले में पुलिस की लापरवाही सामने आने पर थानाध्यक्ष को लाइन हाजिर किया गया, वहीं दूसरी ओर सरकारी खाद्यान्न चोरी के मामले में भाजपा ब्लॉक प्रमुख समेत तीन लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।

दोनों मामलों ने जिले में प्रशासनिक सख्ती और जवाबदेही को लेकर संदेश दिया है।

तालगांव थाना क्षेत्र में 18 जनवरी की रात रिटायर्ड लेखपाल अमर सिंह वर्मा के घर हुई डकैती में बदमाशों ने परिवार को बंधक बनाकर करीब 17 लाख रुपये लूट लिए थे। वारदात के बाद समय पर प्रभावी कार्रवाई न होने को गंभीर लापरवाही मानते हुए पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने थानाध्यक्ष आशीष तिवारी को तत्काल लाइन हाजिर कर दिया।

उनकी जगह निरीक्षक दिनेश प्रकाश पांडे को नया थानाध्यक्ष नियुक्त किया गया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए आईजी किरण एस स्वयं मौके पर पहुंचे और जल्द खुलासे के निर्देश दिए, जिसके बाद आठ विशेष जांच टीमें गठित की गईं।

दूसरी ओर, शहर कोतवाली क्षेत्र में सरकारी राशन चोरी का बड़ा खुलासा हुआ है। जिलाधिकारी के निर्देश पर भाजपा से बेहटा ब्लॉक प्रमुख एवं परिवहन ठेकेदार कल्पना वर्मा पत्नी नीरज वर्मा, डीसीएम चालक नौशाद और एक अज्ञात परिचालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। महिला कोटेदार द्वारा डीसीएम से चावल की 21 बोरियां रंगे हाथ पकड़ी गईं, जिसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। आरोप है कि चालक चोरी की नीयत से सरकारी खाद्यान्न को अवैध रूप से ले जा रहा था, जबकि पकड़े जाने पर आरोपी फरार हो गए।

महिला कोटेदार सहरिश फातिमा ने आरोप लगाया कि राशन चोरी एक संगठित नेटवर्क के तहत होती है और कार्रवाई के बजाय उन पर दबाव बनाया गया। जांच के बाद डीएम के सख्त निर्देश पर एफआईआर दर्ज की गई। प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि चाहे अपराध हो या भ्रष्टाचार, रसूखदारों को भी बख्शा नहीं जाएगा।

दोनों मामलों में की गई कार्रवाई से साफ है कि सीतापुर में कानून व्यवस्था और सरकारी योजनाओं में गड़बड़ी पर अब सख्ती तय है।

Related posts