वाराणसी आई बैंक सोसाइटी को मिला नेत्रदान।
वाराणसी। भारत विकास परिषद् काशी प्रदेश, प्रान्त उत्तर मध्य क्षेत्र द्वितीय के संस्कार प्रान्तीय गतिविधि संयोजक राकेश मौर्य ने अपनी 88 वर्षीय माताजी स्वर्गीय फूलमती देवी के देहावसान के पश्चात् उनके नेत्रदान का पुनीत कार्य संपन्न कराया। स्वर्गीय फूलमती देवी के नेत्र वाराणसी आई बैंक सोसाइटी को प्रदान किए गए।
इस महान मानवीय कार्य के माध्यम से चार नेत्रहीन व्यक्तियों को दृष्टि प्राप्त करने का अवसर मिलेगा। नेत्रदान जैसा पुण्य कार्य समाज में प्रेरणा का स्रोत है और इससे अनेक ज़िंदगियों में उजाला आता है। श्री राकेश मौर्य द्वारा किया गया यह कार्य अनुकरणीय है, जो समाज को सेवा, संवेदना और संस्कारों का संदेश देता है।

