धारा लक्ष्य समाचार पत्र
मथुरा। 24 नवंबर 2026 देव दीपावली पर्व के पावन अवसर पर यमुना जी के विभिन्न घाटों पर उमड़े श्रद्धालुओं के जनसैलाब की सुरक्षा और व्यवस्थाओं को सुचारू बनाए रखने के लिए नेशनल डिजास्टर एंड फायर सेफ्टी फाउंडेशन के पदाधिकारियों एवं प्रशिक्षित स्वयंसेवकों ने पूरी मुस्तैदी के साथ अपनी सेवाएं दीं। फाउंडेशन के संस्थापक एवं राष्ट्रीय अध्यक्ष इंजी० अशोक यादव ने बताया कि पर्व के दौरान घाटों पर भारी भीड़ होने के कारण अव्यवस्था और किसी भी प्रकार की अनहोनी की आशंका को देखते हुए संस्था के स्वयंसेवक फर्स्ट एड किट और लाइफ जैकेटों के साथ घाटों पर तैनात रहे।
जल स्तर और फिसलन को देखते हुए घाटों के किनारों पर विशेष निगरानी रखी गई, ताकि किसी भी आपात स्थिति या डूबने जैसी घटना से तत्काल निपटा जा सके। उन्होंने बताया कि स्वयंसेवकों ने घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को नियंत्रित करने, सुरक्षित आवागमन के लिए कतारबद्ध व्यवस्था बनाने और मुख्य मार्गों पर यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने में पुलिस व प्रशासन का सक्रिय सहयोग किया।
इसके साथ ही दीप प्रज्ज्वलन कार्यक्रम के दौरान अग्नि सुरक्षा के प्रति भी लोगों को सतर्क किया गया और कार्यक्रम को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई गई।
इस सेवा कार्य के दौरान फाउंडेशन के प्रदेश संरक्षक कल्याण दास अग्रवाल, राष्ट्रीय सचिव शेखर साक्य, राष्ट्रीय मीडिया प्रभारी रामेश्वर सिंह निषाद, मथुरा जिला अध्यक्ष जयवीर यादव सहित अन्य पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में प्रशिक्षित स्वयंसेवक उपस्थित रहे।
