Raybareli news: घटिया सड़क निर्माण पर फूटा जनाक्रोश एसडीएम कार्यालय के सामने धरने पर बैठे मोहल्लेवासी, भ्रष्टाचार के आरोपों से घिरी नगर पंचायत

जिला रिपोर्टर रायबरेली से रोहित मिश्रा 

धारा लक्ष्य समाचार पत्र 

महराजगंज, रायबरेली। “तुम अपनी करनी कर गुजरो, हम अपनी करनी करते हैं… तुम तख्त पर बैठ के जुल्म करो, हम सड़क पर धरना धरते हैं…” मंगलवार की दोपहरी में तहसील परिसर स्थित एसडीएम कार्यालय के सामने कुछ ऐसा ही नजारा देखने को मिला, जब गांधी नगर वार्ड के मोहल्लेवासी और नगर के प्रबुद्धजन सड़क निर्माण में कथित भ्रष्टाचार के खिलाफ धरने पर बैठ गए और जमकर नारेबाजी की।

बताया जा रहा है कि नगर पंचायत द्वारा पंडित दीन दयाल योजना के तहत 15 लाख 10 हजार रुपये की लागत से जसवंत्री देवी मंदिर के पीछे सीसी रोड का निर्माण कराया जा रहा है। आरोप है कि निर्माण कार्य में मानकों की खुलेआम अनदेखी करते हुए मिट्टी के ऊपर ही महज दो इंच सीमेंट मसाला डालकर सड़क को तैयार दिखा दिया गया। घटिया निर्माण से नाराज लोगों ने पहले एसडीएम, मुख्यमंत्री पोर्टल और जिलाधिकारी को शिकायत पत्र सौंपकर कार्रवाई की मांग की थी,।

लेकिन एक माह बीत जाने के बाद भी सुनवाई न होने से आक्रोशित लोगों ने धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया।धरनास्थल पर पहुंचे एसडीएम चंद्रप्रकाश गौतम ने लोगों को आश्वस्त करते हुए बताया कि एक्सईएन महिपाल सिंह को तीन दिन के भीतर सड़क की जांच कर रिपोर्ट देने के निर्देश दिए गए हैं।

साथ ही ईओ को सड़क निर्माण का भुगतान रोकने के आदेश भी जारी किए गए हैं। प्रदर्शनकारियों ने घटिया सड़क को हटाकर एई और ईओ की निगरानी में दोबारा मानक अनुरूप सड़क निर्माण कराने तथा सड़क का स्टीमेट सार्वजनिक करने की मांग उठाई। इस पर एसडीएम ने दो दिन का समय मांगा।धरने में सभासद उषा त्रिपाठी, राजकुमारी, अमित त्रिपाठी, संदीप वैश्य, समशाद राइनी, देशू चौरसिया, अंगूरी, शांति गोस्वामी, पिंकी, रमजान अली, विमल रस्तोगी, व्यापार मंडल अध्यक्ष रिंकू जायसवाल, वारिस अली, रवि सक्सेना, केके जायसवाल, पूनम,

आरती, नवनीत त्रिपाठी, सचिन त्रिपाठी, वीरेंद्र यादव, सोनू खान, कमलेश, शफीक, विजय पासवान, मनोज यादव और विशाल चौरसिया सहित दर्जनों लोग मौजूद रहे।

एसडीएम कार्यालय के सामने धरना देते मोहल्लेवासी एवं प्रबुद्धजन

प्रदर्शनकारियों से मांगपत्र लेते एसडीएम महराजगंज

इनसेट : वादों के बाद भी नहीं दिखे अध्यक्ष प्रतिनिधि सोशल मीडिया पर भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कार्रवाई का दावा करने वाले अध्यक्ष प्रतिनिधि प्रभात साहू ने 15 अप्रैल को मोहल्लेवासियों को एक सप्ताह में गुणवत्ता पूर्ण सड़क निर्माण कराने का भरोसा दिया था। लेकिन एक माह बीत जाने के बाद भी सड़क की स्थिति जस की तस बनी हुई है। अब जनता सड़क पर उतरकर धरना दे रही है, जबकि इस पूरे मामले में अध्यक्ष प्रतिनिधि की चुप्पी को लेकर कस्बे में ठेकेदार से सांठगांठ और भ्रष्टाचार को बढ़ावा देने की चर्चाएं तेज हो गई हैं।

Related posts