जिला रिपोर्टर रायबरेली से रोहित मिश्रा
धारा लक्ष्य समाचार पत्र
रायबरेली ।जनपद के शिवगढ़ ब्लॉक क्षेत्र स्थित प्राथमिक विद्यालय जगदीशपुर में मंगलवार को उस समय अफरातफरी मच गई, जब विद्यालय परिसर में अचानक एक सर्प निकल आया। सर्प को देखते ही बच्चों में दहशत फैल गई और कई बच्चे डर के कारण शोर मचाते हुए कक्षाओं से बाहर निकल आए। मौके पर मौजूद शिक्षकों ने सूझबूझ दिखाते हुए सभी बच्चों को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया और स्थिति को संभाला।बताया जा रहा है कि विद्यालय में नियमित पढ़ाई चल रही थी।
तभी परिसर के एक हिस्से में सर्प दिखाई दिया। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण भी विद्यालय पहुंच गए। स्थानीय लोगों की मदद से काफी प्रयास के बाद सर्प को सुरक्षित तरीके से विद्यालय परिसर से बाहर निकाला गया। राहत की बात यह रही कि घटना में कोई बच्चा या शिक्षक घायल नहीं हुआ।
घटना के बाद अभिभावकों में भय और चिंता का माहौल है। ग्रामीणों ने विद्यालय परिसर की साफ-सफाई, झाड़ियों की कटाई और नियमित निगरानी की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं से बचा जा सके।
